Breaking

जबलपुर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी-जेवर समेत टीवी और बर्तन ले उड़े चोर

 


जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित कांचघर हनुमान टोरिया के पास खेरमाई मंदिर इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर हजारों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घर की मालकिन की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवर, टीवी और बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।

तीन-चार दिन से मायके गई थी महिला

पीड़िता सुमन चौधरी के मुताबिक वह पिछले तीन-चार दिनों से अपने मायके गई हुई थीं। शुक्रवार को जब वह वापस घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी सामान गायब थे।

सुमन ने बताया कि चोरों ने घर की दीवार पर लगी टीवी, पीतल-तांबे समेत अन्य बर्तन और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

करीब 50 हजार के जेवर और नकदी चोरी

पीड़िता के अनुसार चोरी गए आभूषणों में चांदी की चेन, पायल, कान के टॉप्स और अन्य जेवर शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घर में रखी करीब 3 हजार रुपये की नकदी भी चोर ले गए।

घटना के बाद पीड़िता ने घमापुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद घमापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरी का खुलासा किया जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

और नया पुराने