जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और मना करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शारदा मंदिर के पीछे रांझी निवासी राम सिंह ठाकुर (51) व्हीकल फैक्ट्री की कैंटीन में काम करता है। वह अपनी मोटरसाइकिल से अपने साथी विक्की रैकवार को मढ़ई छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान व्हीकल फैक्ट्री के नंबर-1 गेट के आगे अरमान रजक अपने दो साथियों के साथ खड़ा मिला।
आरोप है कि तीनों ने हाथ देकर राम सिंह को रोका और शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की। राम सिंह ने रुपये देने से इनकार किया तो तीनों गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अरमान रजक ने चाकू से हमला कर राम सिंह की दाहिनी जांघ में चोट पहुंचा दी। वहीं, उसके एक साथी ने भी चाकू से हमला कर उसकी बाईं जांघ में चोट पहुंचाई।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल राम सिंह को पहले शासकीय अस्पताल रांझी ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 126(2), 119(1), 296(बी), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
