Breaking

सतना में 14 घंटे की बारिश से हाहाकार, घर-दुकानें जलमग्न; चित्रकूट में उफनी मंदाकिनी ने मचाई तबाही



सतना। विंध्य क्षेत्र में देर रात से हो रही लगातार बारिश ने शनिवार सुबह सतना जिले के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब 14 घंटे से रुक-रुककर जारी बारिश के चलते सतना शहर की निचली बस्तियों से लेकर नागौद, बिरसिंहपुर और ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव की स्थिति बन गई। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़कों पर पानी भरने से शहर में आवागमन प्रभावित हुआ। कई मार्गों पर पानी अधिक होने के कारण आवाजाही रोकनी पड़ी। उधर, चित्रकूट में तेज बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। रामघाट सहित आसपास के बड़े इलाके पानी की चपेट में आ गए।

सतना शहर में घरों में घुसा पानी

शहर के वार्ड क्रमांक 10 के बरदाडीह में हिंदुस्तान ट्रेडर्स के पास कई घरों में पानी घुस गया। वहीं वार्ड 26 और 27 के बीच बना कच्चा नाला ओवरफ्लो होने से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया। खूंथी बस्ती में कुछ घरों में कमर तक पानी पहुंचने की सूचना है।

प्रेम विहार कॉलोनी और पन्ना नाका-उमरी क्षेत्र में भी घरों और दुकानों में पानी घुस गया। बारिश के कारण कोतवाली चौराहे से कलेक्ट्रेट जाने वाला मार्ग भी बंद हो गया। शहर के कई अन्य हिस्सों में सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

नागौद थाना परिसर में भरा पानी

नागौद में लगातार बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए। थाना परिसर में पानी भर गया और थाना भवन के अंदर तक पानी पहुंचने की सूचना है। इंदिरा नगर सहित कई इलाकों में भी जलभराव रहा। करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

नागौद का खजलिया तालाब भी ओवरफ्लो हो गया। कई स्थानों पर पानी बहने के कारण आसपास के इलाकों में खतरे की स्थिति बनी हुई है।

बिरसिंहपुर के कई वार्ड जलमग्न

बिरसिंहपुर में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। अधिकांश वार्डों में जलभराव हो गया। वार्ड 2, 3 और 8 की सड़कें पानी में डूब गईं और कई घरों में पानी प्रवेश कर गया। जिले के नदी-नाले भी उफान पर हैं।

जैतवारा-कोठी-सतना मार्ग पर भी जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। बारीअमराई-देवरा मार्ग की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। ग्राम पंचायत उजरौधा में बाढ़ जैसे हालात बन गए और कई घरों तक पानी पहुंच गया।

चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप

चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी के उफान पर आने से रामघाट और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। कई दुकानों में पानी भर गया, जबकि घाट किनारे रखा सामान भी बहने की सूचना है।

रामघाट क्षेत्र में हालात ऐसे हो गए कि कई रास्तों पर नाव चलानी पड़ी। एक मंजिल तक की कई इमारतें भी पानी की चपेट में आ गईं। प्रमुख धार्मिक स्थलों और वहां जाने वाले रास्तों तक बाढ़ का पानी पहुंचने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

एमपी-यूपी सीमा पर भी आवागमन प्रभावित

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले मार्ग पर भी जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित हुआ है। लोग घरों और दुकानों का सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। बारिश का दौर जारी रहने से मंदाकिनी नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

और नया पुराने