जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए 500 रुपए देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि रुपए नहीं देने पर दो युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक की जांघ के पीछे चोट आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वीएफजे गेट नंबर-2, अखाड़ा मोहल्ला रिछाई रांझी निवासी 20 वर्षीय अजय कोल इंटीरियर का काम करता है। अजय ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त यश ठाकुर के साथ व्हीकल बाजार में सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान उसे स्कूल में साथ पढ़ने वाला पियुष शर्मा मिला। उसके साथ अंकित रजक भी मौजूद था।
अजय के मुताबिक, पियुष ने काफी दिनों बाद मिलने की बात कहते हुए उसे चाय पीने के लिए बुलाया। इसके बाद तीनों व्हीकल बाजार स्थित रामलीला मैदान के सामने चाय पीने लगे। इसी दौरान अंकित रजक ने अजय से शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। अजय ने रुपए देने से इनकार करते हुए बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं और वह सब्जी खरीद चुका है। अजय ने यह भी कहा कि वह अंकित को पहचानता तक नहीं है।
रुपए देने से मना किया तो शुरू हुआ विवाद
पुलिस शिकायत के अनुसार, रुपए देने से इनकार करने पर पियुष शर्मा और अंकित रजक ने अजय के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। अजय ने गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान पियुष ने अजय के दोनों हाथ पकड़ लिए और अंकित ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से अजय की दाहिनी जांघ के पीछे चोट आई।
दोस्त ने बीच-बचाव कर बचाया
हमले के दौरान अजय के दोस्त यश ठाकुर ने बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपी अजय को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घायल अजय ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
रांझी पुलिस ने अजय की शिकायत पर पियुष शर्मा और अंकित रजक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(ए), 119(1), 119(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
