Breaking

नींद का झोंका बना मुसीबत, हिरन नदी पुल की दीवार से टकराया ट्रक; बाल-बाल बची चालक की जान



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के घाट सिमरिया के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हिरन नदी के पुल की दीवार से जा टकराया। हादसे की वजह चालक को अचानक नींद का झोंका आना बताई जा रही है। ट्रक पुल से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गया, वरना करीब 30 फीट नीचे नदी में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक एमएच 40 डीसी 6301 में प्लास्टिक का दाना लदा था और वह सतना से नासिक जा रहा था। ट्रक को चालक अशोक पवार चला रहा था। घाट सिमरिया से आगे बढ़ने के दौरान अचानक चालक को नींद का झोंका आ गया और ट्रक अनियंत्रित हो गया। चालक ने वाहन को संभालने के लिए ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रक सीधे हिरन नदी के पुल की दीवार से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक की कमानी और पट्टा टूट गए। ट्रक पुल की दीवार से सटकर अटक गया और आगे-पीछे नहीं हो पा रहा था। हादसे के दौरान चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना को देखकर राहगीरों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि ट्रक पुल की दीवार तोड़कर नीचे नहीं गिरा। यदि वाहन कुछ और आगे बढ़ जाता तो वह करीब 30 फीट नीचे हिरन नदी में जा गिरता और बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद चालक ने मोहतरा टोल प्लाजा को सूचना दी। मौके पर पहुंची क्रेन की मदद से ट्रक को सुरक्षित किया गया। ट्रक में लदे भारी प्लास्टिक के दाने को दूसरे वाहन में स्थानांतरित कराया गया, जिसके बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को पुल से हटाने की कार्रवाई की गई।

और नया पुराने