जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 766 ग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना खमरिया क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की सुजुकी एक्सिस स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर स्कूटी मोड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम शिवम केशरवानी (32) निवासी रानीताल लिंक रोड, गढ़ा फाटक, लार्डगंज तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने हर्षित केशरवानी (31) निवासी नारियल गली, नारियल मंडी, बड़ा फुहारा, लार्डगंज बताया।
दो बैगों में मिले गांजे के 7 पैकेट
पुलिस ने स्कूटी के पैरदान पर रखे काले रंग के पिट्ठू बैग और नीले रंग के अमेरिकन टूरिस्टर बैग की तलाशी ली। दोनों बैगों से कुल सात पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा रखा था। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 12 किलो 766 ग्राम निकली।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांजा संबलपुर, ओडिशा में अज्ञात दुकानदारों से खरीदा था और उसे बैग में रखकर ट्रेन के जरिए जबलपुर लेकर आए थे।
स्कूटी भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 766 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपये है, के अलावा गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी एक्सिस क्रमांक MP 20 ZY 5832 भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


.jpeg)