जबलपुर। स्कूलों की छुट्टी के समय छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान जारी है। इसी अभियान के दौरान रांझी थाना पुलिस ने एक संदिग्ध नाबालिग को अवैध चाइना चाकू के साथ पकड़ा है।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुबह से ही स्कूलों के आसपास विशेष चेकिंग और गश्त की जा रही थी। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूलों की छुट्टी के समय असामाजिक तत्व और मनचले स्कूलों के आसपास घूमते हैं।
इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम को देखकर एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन लड़कों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक नाबालिग के पास से अवैध चाइना चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में नाबालिग ने खुद को मानेगांव, रांझी का निवासी बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग चाइना चाकू कहां से लेकर आया था और इसे रखने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। इसके साथ ही पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और साथ मौजूद अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
