जबलपुर। पुलिस विभाग में एक बार फिर थाना प्रभारियों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। एसपी संपत उपाध्याय ने चार थाना प्रभारियों के दायित्व में बदलाव किया है। इस फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं, आने वाले दिनों में कुछ और थाना प्रभारियों को बदले जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना प्रभारी स्वप्रिल दास और बेलखेड़ा थाना प्रभारी धनुसिंह को लाइन अटैच किया गया है। उनके स्थान पर नई पदस्थापना की गई है।
आदेश के मुताबिक, यातायात थाना प्रभारी शशि धुर्वे को सिविल लाइन थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज को विजय नगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पुलिस लाइन में पदस्थ उमेश यादव को मदनमहल थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। थाना प्रभारियों के इस फेरबदल के बाद पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई है।
हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से थाना प्रभारियों के तबादले को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है। इसके बावजूद पुलिस महकमे में चर्चा है कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य थानों के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया जा सकता है।
नए थाना प्रभारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण की चुनौती होगी।
