बरेला। बरेला क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके WhatsApp से जुड़े संपर्कों को मैसेज भेजकर 2 हजार रुपये की मांग की। ठगों ने युवक के नाम से स्कैनर भेजते हुए लिखा कि वह परेशानी में है और सुबह रुपये वापस कर देगा।
लोगों को भरोसे में लेने के लिए ठगों ने मैसेज के साथ पैर में चोट और पट्टी बंधी हुई एक फोटो भी भेजी। फोटो देखकर कई परिचितों को लगा कि युवक का एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद लोगों में चिंता फैल गई और जब मामले की जानकारी हुई तो साइबर ठगी की कोशिश का खुलासा हुआ।
ग्रुप एडमिनों की सतर्कता से बचा बड़ा फ्रॉड
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के विभिन्न WhatsApp ग्रुपों के एडमिन सक्रिय हो गए। उन्होंने तत्काल अपने-अपने ग्रुप में युवक का मोबाइल हैक होने और उसके नाम से पैसे मांगे जाने की जानकारी साझा कर लोगों को सचेत किया। समय रहते सूचना मिलने से कई लोग साइबर ठगी का शिकार होने से बच गए।
बिना पुष्टि पैसे ट्रांसफर न करें
क्षेत्रवासियों ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज आने पर बिना फोन पर पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें। अनजान QR कोड, स्कैनर या लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दौर में थोड़ी सी सतर्कता बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
