Breaking

नगर निगम की जनसुनवाई में 38 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई, संभागीय कार्यालयों में 28 शिकायतों का भी मौके पर निराकरण

 


जबलपुर। नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई मंगलवार को नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बनी। निगम मुख्यालय में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वयं नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त सभी 38 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की गई। समस्या का समाधान मिलने के बाद कई आवेदक संतुष्ट होकर लौटे।

विभागवार शिकायतों पर कार्रवाई

जनसुनवाई में अतिक्रमण विभाग से 6, भवन शाखा से 8, स्वास्थ्य विभाग से 3, जल विभाग से 2, कॉलोनी सेल से 2, राजस्व विभाग से 2 और संपदा शाखा से 8 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा स्थापना, स्मार्ट सिटी, स्वच्छता सेल, स्टेनो, लेखा सहित अन्य विभागों से एक-एक आवेदन आया।

निगमायुक्त ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर आवेदकों को राहत दी गई।

संभागीय कार्यालयों में भी 28 आवेदन निपटे

नगर निगम के विभिन्न संभागीय कार्यालयों में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए। संभागीय अधिकारियों ने सभी आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। निगम प्रशासन की इस पहल से नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ।

जनसुनवाई के दौरान अपर आयुक्त विद्यानंद बाजपेई, सौरभ मिश्रा, देवेंद्र चौहान, शिवांगी महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

और नया पुराने