जबलपुर/दमोह। दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में राहगीरों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में जबलपुर के कटंगी निवासी दो आरोपियों समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।
रास्ता पूछने के बहाने रोका, आंखों में झोंक दी मिर्च
पुलिस के मुताबिक, भाटखमटिया निवासी संदीप राय (28) अपने दोस्त शुभम साहू के साथ बाइक से रात करीब 11 बजे जबेरा की ओर जा रहा था। दाने बाबा मंदिर के पास बिदारी घाटी से आगे पहुंचने पर रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले रास्ता पूछने का बहाना बनाया।
इसी दौरान आरोपियों ने अचानक दोनों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आंखों में तेज जलन के कारण पीड़ित कुछ समझ पाते, इससे पहले बदमाश संदीप की जेब से 20 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, कपड़ों से भरा बैग और बाइक की चाबी छीनकर फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की घेराबंदी
वारदात के बाद पीड़ित किसी तरह जबेरा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस की कार्रवाई में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने जबेरा क्षेत्र में मिर्च पाउडर डालकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
ईदुल नवी उर्फ कचरा (26), निवासी कटंगी, जबलपुर
राहुल (21), निवासी कटंगी, जबलपुर
चंदन उर्फ बहेरा शामिल हैं।
.jpg)