Breaking

काशी एक्सप्रेस में यात्री पर लोहे की रॉड से हमला, मोबाइल लूटकर फरार हुआ बदमाश

मैहर। वाराणसी से मैहर आ रही काशी एक्सप्रेस (15018) में एक यात्री पर बदमाश ने लोहे की रॉड से हमला कर मोबाइल लूट लिया। घटना मानिकपुर और डबरा के बीच की बताई जा रही है। हमले में यात्री की उंगलियों में चोट आई है। मैहर स्टेशन पहुंचने के बाद घायल यात्री ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी निवासी 24 वर्षीय पवन अपने दोस्त राहुल पाल के साथ काशी एक्सप्रेस से मैहर माता के दर्शन के लिए आ रहे थे। ट्रेन मानिकपुर स्टेशन पार कर डबरा की ओर बढ़ रही थी, तभी एक बदमाश अचानक उनके पास पहुंचा और लोहे की रॉड से पवन के हाथ पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से पवन के हाथ से मोबाइल नीचे गिर गया। बदमाश मोबाइल उठाकर मौके से फरार हो गया। हमले में पवन की उंगलियों में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद बोगी में मौजूद यात्रियों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मैहर पहुंचते ही जीआरपी को दी सूचना

ट्रेन रात करीब 8 बजे मैहर रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद घायल पवन ने अपने साथी के साथ जीआरपी थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल यात्री को उपचार के लिए मैहर सिविल अस्पताल भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

जीआरपी ने यात्री के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मानिकपुर से डबरा के बीच रेलवे मार्ग और संबंधित स्टेशनों पर बदमाश की तलाश कर रही है। घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

और नया पुराने