Breaking

पेट्रोल पंप डकैती में 4 गिरफ्तार, इंजीनियरिंग छात्र समेत 4 फरार; 50,500 रुपए बरामद

 


जबलपुर/मंडला। जबलपुर की सीमा से लगे मंडला जिले के मनेरी क्षेत्र स्थित अतुलित फिलिंग पेट्रोल पंप पर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 50,500 रुपए नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो बरामद की है। मामले का मुख्य आरोपी इंजीनियरिंग छात्र आयुष विश्वकर्मा समेत चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर की थी लूट

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की देर रात मनेरी क्षेत्र स्थित अतुलित फिलिंग पेट्रोल पंप पर स्कॉर्पियो सवार नकाबपोश बदमाश पहुंचे थे। आरोपियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ धारदार हथियारों के बल पर मारपीट की और उनसे 93,875 रुपए लूटकर फरार हो गए थे।

वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी जानकारी और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने जबलपुर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देना शुरू किया।

चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित झारिया, पवन झारिया, सौरभ शर्मा और शिवम श्रीपाल के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से 50,500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

इंजीनियरिंग छात्र समेत चार आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी आयुष विश्वकर्मा इंजीनियरिंग का छात्र है। आयुष और उसके तीन साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली जा रही है।

8 टीमों में 40 पुलिसकर्मी, जबलपुर में कई जगह दबिश

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 8 टीमों में करीब 40 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

इन टीमों ने जबलपुर के बरेला, भूकंप कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र समेत कई इलाकों में दबिश दी। लगातार की गई कार्रवाई के बाद चार आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।

तीन आरोपी ड्राइवर, एक लगाता है अंडे का ठेला

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि को लेकर भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तीन ड्राइवर हैं, जबकि एक आरोपी अंडे का ठेला लगाता है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने अपने एक परिचित से स्कॉर्पियो किराए पर ली थी।

और नया पुराने