जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के कुम्हार बाड़ा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुल के पास पानी में बह रहे नारियल को उठाने के प्रयास में 4 वर्षीय मासूम प्रियांशु पटेल तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में बहते नारियल पर पड़ी। बताया जा रहा है कि बच्चे ने किनारे से नारियल उठाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे एवं तेज बहाव वाले पानी में जा गिरा। देखते ही देखते बच्चा पानी की धार में बहकर आंखों से ओझल हो गया।
ग्रामीणों ने मचाया शोर, पुलिस को दी सूचना
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
SDRF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन
मासूम की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया है। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से नदी में संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नदी के किनारे परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद हैं और बच्चे के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
काफी प्रयासों के बावजूद फिलहाल प्रियांशु का कोई सुराग नहीं मिल सका है। तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और बचाव दल लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं।
