Breaking

मिलौनीगंज में धार्मिक यात्रा के रूट को लेकर बना असमंजस, पुलिस-प्रशासन की समझाइश से स्थिति हुई सामान्य



जबलपुर। सावन के अंतिम सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पारंपरिक धार्मिक यात्राएं निकाली गईं। इसी दौरान मिलौनीगंज क्षेत्र में आश्रम खेराई मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को लेकर आयोजकों के बीच कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सीएसपी अखिलेश गौर के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रा में शामिल लोगों से बातचीत कर स्थिति स्पष्ट की।

अधिकारियों ने आयोजकों को पूर्व निर्धारित रूट की जानकारी दी, जिसके बाद सभी जत्थे अपने पारंपरिक मार्ग से आगे बढ़ गए। समझाइश और आपसी तालमेल के चलते कुछ ही मिनटों में स्थिति सामान्य हो गई और धार्मिक यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी रही।

रूट को लेकर बना असमंजस बातचीत से सुलझा

पर्व को देखते हुए शहरभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मिलौनीगंज के पास कुछ दल निर्धारित मार्ग से अलग आश्रम खेराई मंदिर की दिशा में बढ़ने लगे, जिसके चलते रूट को लेकर तत्काल संशय की स्थिति बनी। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए यात्रा प्रतिनिधियों को निर्धारित व्यवस्था से अवगत कराया।

पुलिस और राजस्व अमला रहा मुस्तैद

प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ। सीएसपी अखिलेश गौड़ ने बताया कि सभी श्रद्धालु निर्धारित रूट से ही आगे बढ़े। संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस के साथ राजस्व अधिकारियों की टीम भी लगातार निगरानी करती रही। अधिकारियों की तत्परता और आयोजकों के सहयोग से सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।

और नया पुराने