Breaking

लेडी एल्गिन अस्पताल में देर रात नशे में दो युवकों का हंगामा, चाकू दिखने से मचा हड़कंप; जिला अस्पताल में महिला के शराब पीने का वीडियो भी वायरल


जबलपुर। जबलपुर संभाग के सबसे बड़े लेडी एल्गिन अस्पताल में रविवार देर रात दो युवकों के हंगामे का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े तीन बजे दोनों युवक नशे की हालत में अस्पताल के मुख्य गेट से परिसर में दाखिल हुए और कुछ देर बाद आपस में गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान एक युवक के हाथ में चाकू दिखाई देने की बात भी सामने आई है।



जानकारी के अनुसार दोनों युवक करीब 10 मिनट तक अस्पताल परिसर में एक-दूसरे से मारपीट करते रहे। लड़ते-झगड़ते हुए दोनों मुख्य द्वार तक पहुंच गए। देर रात अस्पताल परिसर में हुए हंगामे और शोरगुल से वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया।

इसी दौरान एक युवक के हाथ में चाकू होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, नशे में बताए जा रहे दोनों युवक पुलिसकर्मियों से भी बहस और गाली-गलौच करने लगे।

वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा पर सवाल

घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे हंगामे का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल परिसर में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

लेडी एल्गिन अस्पताल में बड़ी संख्या में महिलाएं और नवजात बच्चे भर्ती रहते हैं। ऐसे में देर रात दो बाहरी युवकों का अस्पताल परिसर में प्रवेश करना और खुलेआम विवाद व मारपीट करना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि रात के समय मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की निगरानी कितनी प्रभावी है और बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए क्या व्यवस्था है।

जिला अस्पताल का भी वीडियो सामने आया

लेडी एल्गिन अस्पताल की घटना के बाद जबलपुर जिला अस्पताल से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार दोपहर का है। वीडियो में एक महिला सीढ़ियों से जनरल वार्ड की ओर जाती दिखाई दे रही है और वार्ड के दरवाजे के पास बैठकर शराब पीती नजर आ रही है।

मरीजों के परिजनों द्वारा महिला को समझाने और अस्पताल से बाहर जाने के लिए कहने की बात भी सामने आई है, लेकिन महिला ने उनकी बात नहीं मानी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अस्पताल प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत को रेखांकित किया है। मरीजों, नवजात बच्चों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए रात के समय प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की निगरानी और परिसर में अनुशासन को लेकर सख्ती जरूरी मानी जा रही है।

और नया पुराने