जबलपुर। सिहोरा-मझौली मार्ग पर पोंडा तिराहे के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पार कर रहे बंदर से टकरा गई। दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, सिहोरा निवासी 20 वर्षीय आरजू पटेल और बघराजी निवासी 25 वर्षीय प्रहलाद पटेल मोटरसाइकिल से कटंगी में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पोंडा तिराहे के पास अचानक एक बंदर सड़क पार करने लगा। बाइक सवार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मोटरसाइकिल बंदर से जा टकराई।
टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे दोनों युवक गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सिहोरा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। आरजू पटेल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं, प्रहलाद पटेल का उपचार सिहोरा अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
