Breaking

मेडिकल कॉलेज के 1.63 करोड़ के घोटाले में फरार आरोपी गिरफ्तार, अब तक 4 आरोपी जेल में

 


जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में हुए करीब 1 करोड़ 63 लाख 78 हजार रुपए के ओपीडी, आईपीडी और फीस घोटाले में गढ़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी मनोहर केवट को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना की शिकायत पर दर्ज इस मामले में पुलिस इससे पहले कैश विभाग में काम करने वाले अरविंद धुर्वे, विशाल सराठे और भानु सिंह शाक्यवार को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मामले में आरोपी साधना चंदौल अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सीएसपी गढ़ा आशीष जैन ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घोटाले से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

मनी रसीद बुक और बैंक जमा राशि में मिला अंतर


जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की कैश शाखा में छात्रों की फीस, आईपीडी, ओपीडी और अन्य मदों से प्राप्त नकद राशि मनी रसीद बुक के जरिए जमा की जाती थी। वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज स्तर पर आंतरिक जांच कमेटी गठित की गई थी।

कमेटी की जांच में 1 अप्रैल 2020 से 30 नवंबर 2025 के बीच मनी रसीद बुक से प्राप्त राशि और संबंधित बैंक खातों में जमा राशि में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में सामने आया कि इस अवधि के दौरान 1 करोड़ 63 लाख 78 हजार रुपए की शासकीय राशि बैंक खातों में जमा नहीं कराई गई।

मामले में गढ़ा पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। अब चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी महिला साधना चंदौल की तलाश जारी है।

और नया पुराने