Breaking

जबलपुर में PUMA के नाम पर नकली कपड़ों का कारोबार पकड़ा, 496 कपड़े जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार



जबलपुर। शहर में नामचीन ब्रांड के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर नकली कपड़े बेचने के कारोबार का कोतवाली थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दिल्ली की लॉ फर्म की शिकायत पर पुलिस ने गढ़ाफाटक स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स पर छापा मारकर PUMA के नाम और लोगो लगे 496 नकली कपड़े जब्त किए हैं। मामले में दुकान संचालक समेत दो आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली की एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय से शिकायत की थी कि कोतवाली क्षेत्र में PUMA कंपनी के नाम से मिलते-जुलते नकली टी-शर्ट और लोअर बेचे जा रहे हैं। शिकायत के बाद एसपी के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक सफेद बोरी में PUMA का लोगो लगे कपड़े एक्टिवा से सप्लाई करने बड़ा फुहारा की ओर जा रहा है। पुलिस ने कोतवाली थाने के सामने घेराबंदी कर एक्टिवा सवार तनिष्क जैन (25), निवासी मिलौनीगंज हनुमानताल को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 36 नकली टी-शर्ट और 24 लोअर बरामद हुए।

पूछताछ में तनिष्क ने बताया कि वह गढ़ाफाटक स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में काम करता है और दुकान मालिक खेमचंद जैन (55), निवासी भालदापुरा नरघैया के कहने पर कपड़ों की सप्लाई करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर दबिश दी।

दुकान की तलाशी में 300 नकली टी-शर्ट और 136 नकली हुडी बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 496 नकली कपड़े जब्त किए, जिनमें 336 टी-शर्ट, 24 लोअर और 136 हुडी शामिल हैं।

पुलिस ने तनिष्क जैन और खेमचंद जैन के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, आरक्षक दान सिंह और अजय सिंह की भूमिका रही।

और नया पुराने